नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने साधा चुनाव आयोग पर निशाना, आयोग को बताया भाजपा का एजेंट
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 8 अक्टूबर। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को भोपाल स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची से संबंधित सभी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा खुलेआम वोट चोरी कर रही है और चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि जनता को धर्म के नाम पर गुमराह कर भाजपा वोट चोरी कर रही है। सिंघार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी देश के लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और सरकार को उनके द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
EVM को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ने वोट चोरी नहीं की है तो EVM हटाकर चुनाव कराया जाना चाहिए, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके।
मतदाता सूची को लेकर उमंग सिंघार ने कहा कि नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से संबंधित जानकारी बार-बार छिपाई जाती है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने सहित इससे जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक की जाएं।
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर सिंघार ने कहा कि यह मामला जनता के अधिकारों से जुड़े सवालों से संबंधित है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने को तैयार हैं।
मध्यप्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिन्हें जनादेश का अर्थ समझना चाहिए, उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता के मताधिकार से जुड़े सवालों पर जवाब देना चाहिए।