अपराध

नीमच- शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 04 आरोपी गिरफ्तार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
नीमच- शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 04 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने प्रकरण में 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 62 एटीएम कार्ड, 09 पासबुक, 08 चेकबुक, 08 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 01 मैकबुक, 01 एटीएम स्वैप मशीन, 01 हुंडई ऑरा वाहन तथा ₹51,500 नगद जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में नीमच सिटी थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा की गई।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर द्वारा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध म्यूल बैंक खातों एवं एटीएम निकासी से संबंधित डेटा राज्यों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसी डेटा के आधार पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा ऐसे बैंक खातों के धारकों एवं उनसे जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर नीमच पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों से जुड़ी एटीएम निकासी की लोकेशन का विश्लेषण किया। कार्रवाई के दौरान बैंक एवं एटीएम बूथ के आसपास से संदिग्ध व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि गिरोह से जुड़े व्यक्ति स्वयं तथा अन्य लोगों के बैंक खातों की किट—जिसमें एटीएम कार्ड, पासबुक एवं चेकबुक शामिल थीं—एक अन्य आरोपी को उपलब्ध कराते थे।

इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त राशि को स्थानांतरित करने एवं निकालने के लिए किया जा रहा था। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्य को भी अभिरक्षा में लिया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।