नियमित शिक्षकों का असहयोग सत्याग्रह का ऐलान, TET, पदोन्नति और ई-अटेंडेंस को लेकर सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 4 अक्टूबर। मध्य प्रदेश नियमित शिक्षक संयुक्त मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को चिनार पार्क, भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए तीन प्रमुख मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई। मोर्चे ने चेतावनी दी कि मांगों पर एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर शिक्षक असहयोग सत्याग्रह आंदोलन शुरू करेंगे।
मोर्चे के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में शिक्षण जगत संवेदनशील दौर से गुजर रहा है और शिक्षकों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। कोविड-19 के दौरान भी शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
बैठक में शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया गया। इनमें TET परीक्षा को निरस्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करना, सहायक शिक्षक, उच्च श्रेणी शिक्षक तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक प्रधान पाठकों के पदोन्नति आदेश जारी करना और ई-अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करना शामिल है।
मोर्चे ने कहा कि यदि सरकार एक सप्ताह के भीतर इन मांगों पर सकारात्मक और ठोस पहल नहीं करती है तो असहयोग सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन के विभिन्न चरणों और कार्यक्रमों की घोषणा संगठन की ओर से आगे की जाएगी।
बैठक में प्रदेश संयोजक श्रीमती अनीता सारस्वत, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुभाष शर्मा, मोर्चा महामंत्री एवं मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा सहायक शिक्षक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा के संयोजक सतीश शर्मा, प्रदेश संयोजक एवं मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी चौबे, समग्र शिक्षक संघ के कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं प्रदेश संयोजक महावीर प्रसाद शर्मा तथा अजाक्स एवं मोर्चा के प्रदेश संयोजक गिरीश दहायत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।