नोएडा में बनेगा ऑटो शो-रूम हब:एक जगह मिलेंगे कई महंगे ब्रांड,12,596 वर्गमीटर जमीन चिन्हित, पार्किंग और रेस्टोरेंट की भी सुविधा
नोएडा में अब लोगों को अलग-अलग जगहों पर कारों के शोरूम तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-105 में आधुनिक ऑटो शो-रूम हब विकसित करने की तैयारी कर रहा है। प्राधिकरण ने इसके लिए कंपनियों से आवेदन आमंत्रित करते हुए एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट (ईओआई) जारी की है।
यह हब नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किया जाएगा। प्राधिकरण ने परियोजना के लिए 12,596 वर्गमीटर व्यावसायिक जमीन चिन्हित की है। यहां अलग-अलग वाहन कंपनियों के शोरूम के साथ दूसरी व्यावसायिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
योजना के तहत ऑटो शोरूम के लिए पांच भूखंड, एक बहुमंजिला पार्किंग, दो रेस्टोरेंट और एक अतिरिक्त व्यावसायिक भूखंड रखा गया है। 2,300 वर्गमीटर तक के होंगे शोरूम अधिकारियों के मुताबिक, पांचों शोरूम भूखंड करीब 2,231 से 2,300 वर्गमीटर के होंगे। वहीं, बहुमंजिला पार्किंग के लिए करीब 2,261 वर्गमीटर जमीन निर्धारित की गई है।
दो रेस्टोरेंट के लिए 500-500 वर्गमीटर के भूखंड रखे गए हैं। इससे ग्राहकों के लिए खरीदारी के साथ खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। पार्किंग की समस्या होगी दूर प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में कई वाहन शोरूम अलग-अलग इलाकों में हैं।
मौजूदा शोरूम में आने वाले ग्राहकों के सामने अक्सर पार्किंग की समस्या रहती है। नए ऑटो हब में पार्किंग की व्यवस्थित सुविधा होने से इस समस्या को दूर करने की कोशिश की जाएगी।
एक ही जगह पर कई वाहन कंपनियों के शोरूम होने से ग्राहक अलग-अलग ब्रांड, मॉडल और कीमतों की तुलना भी आसानी से कर सकेंगे। 18 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन कंपनियां 18 सितंबर तक अपनी आपत्तियां और सवाल भेज सकती हैं। वहीं, प्री-बिड बैठक 11 सितंबर को होगी।
अधिकारियों के अनुसार, इच्छुक एजेंसियां 18 सितंबर शाम 5 बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकेंगी। इसके बाद प्राप्त प्रस्तावों पर विचार कर परियोजना को अगले चरण में ले जाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
📡 स्रोत: NewsData.io