न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप, अजाक्स संघ ने पुलिस कमिश्नर से की मुलाकात
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
पुलिस कमिश्नर ने दिया उचित कार्रवाई और न्यायालय के आदेश के पालन का आश्वासन
भोपाल। अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) मध्यप्रदेश के पदाधिकारियों ने न्यायालय के आदेश के पालन और अजाक्स भवन में प्रवेश को लेकर उत्पन्न विवाद के संबंध में पुलिस कमिश्नर भोपाल से मुलाकात की। संघ ने पूरे मामले से पुलिस कमिश्नर को अवगत कराते हुए न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि व्यवहार वाद क्रमांक RCSA/1414/2025 में न्यायालय द्वारा 3 सितंबर 2026 को आदेश पारित किया गया था। संघ का दावा है कि आदेश में प्रतिवादी मुकेश मौर्य को अजाक्स संघ के नाम एवं रजिस्ट्रेशन नंबर का उपयोग करने तथा संघ के कार्य संचालन में हस्तक्षेप करने से प्रतिबंधित किया गया है।
अजाक्स पदाधिकारियों का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस द्वारा अजाक्स भवन के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर पदाधिकारियों एवं सदस्यों को कार्यालय में प्रवेश करने से रोका गया और प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में अवरोध उत्पन्न किया गया।
मामले को लेकर संतोष वर्मा, राजबीर अग्निहोत्री, अशोक बेन, गौतम पाटिल, विनोद भट्टी सहित अन्य पदाधिकारी पुलिस कमिश्नर से मिले। पदाधिकारियों ने न्यायालय के आदेश की प्रति भी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।
पुलिस कमिश्नर ने अजाक्स पदाधिकारियों की बात सुनते हुए मामले को गंभीरता से देखने और न्यायालय के आदेश के अनुरूप उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित होगा और अजाक्स भवन में संघ के कार्य संचालन में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होने दिया जाएगा।