ओडिशा में बाढ़ का खतरा, 4 जिलों में रेड अलर्ट

अगस्त 17, नई दिल्ली: ओडिशा में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के और तीव्र होने की संभावना है, जिससे राज्य के उत्तरी भाग में तेज बारिश की आशंका है। इससे ओडिशा में बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने बालासोर, भद्रक, मयूरभंज और क्योंझर जिलों के लिए मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। अगले तीन दिनों तक तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश और बाढ़ से अब तक 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 947 गांव जलमग्न हो गए हैं। राज्य सरकार ने अलर्ट जारी करते हुए अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। वहीं, ODRAF की टीम आपदा के समय लोगों को ज़रूरी मदद पहुंचाने में लगातार जुटी हुई है। इस बीच, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने कहा है कि राज्य में भारी बारिश से पैदा हुई बाढ़ की स्थिति पर सरकार कड़ी नज़र रख रही है। स्थानीय प्रशासन पूरी तैयारी के साथ ज़मीनी स्तर पर मौजूद है और हालात पर नज़र बनाए हुए है।वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के एक निर्माणाधीन हिस्से का लगभग 100 मीटर हिस्सा धंस गया। सड़क का हिस्सा धंसने के बाद वहां खड़े तीन ट्रक गड्ढे में गिर गए। हालांकि, हादसे के समय गाड़ियों के ड्राइवर या सहायक मौजूद नहीं थे, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। (File photo)