ओडिशा से दिल्ली जा रही गांजे की खेप पकड़ी:कानपुर सेंट्रल पर ट्रॉली बैग में छिपाकर लाया 13.65kg गांजा, तस्कर अरेस्ट
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गांजे की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली जाने की तैयारी में था। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध हालत में खड़े आरोपी की तलाशी ली गई तो ट्रॉली बैग से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे दोपहर 1:30 बजे न्यायालय में पेश किया। ट्रॉली बैग में छिपाकर लाया था गांजा गुरुवार सुबह जीआरपी और आरपीएफ की टीम कानपुर सेंट्रल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कैंट साइड सर्कुलेटिंग एरिया में सुलभ शौचालय के पीछे पीपल के पेड़ के नीचे एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर उसमें गांजे की खेप मिली। इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। ओडिशा से लाकर दिल्ली पहुंचाने की थी तैयारी पूछताछ में आरोपी की पहचान विनय कुमार शर्मा (36) निवासी रामा छपरा, थाना दुरौंधा, जिला सिवान, बिहार के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, विनय ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर आया था और ट्रेन से आनंद विहार, दिल्ली जाने वाला था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि इससे पहले भी वह कई बार गांजे की खेप दिल्ली पहुंचा चुका है। सप्लायर और खरीदार की तलाश गांजे की खेप बरामद होने के बाद पुलिस अब तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
जांच की जा रही है कि आरोपी को ओडिशा में गांजा किसने उपलब्ध कराया था और दिल्ली पहुंचने के बाद उसे किसे सौंपना था। पुलिस आरोपी के संभावित साथियों और सप्लायरों की जानकारी जुटाने के साथ उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा जीआरपी कानपुर सेंट्रल प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ प्रभारी एस.एन. पाटीदार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
📡 स्रोत: NewsData.io