राजनीति

Odisha: अब WhatsApp करें राजस्व सेवाओं से जुड़ी शिकायत, नोट कर लें नंबर, मंत्री सुरेश पुजारी ने लॉन्च किया नया सिस्टम

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
Odisha: अब WhatsApp करें राजस्व सेवाओं से जुड़ी शिकायत, नोट कर लें नंबर, मंत्री सुरेश पुजारी ने लॉन्च किया नया सिस्टम

Odisha News: ओडिशा सरकार ने राजस्व सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की है. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने लोक सेवा भवन में ‘आमा साथी’ WhatsApp चैटबॉट के जरिए Revenue Grievance Redressal System का शुभारंभ किया.

इस व्यवस्था का उद्देश्य राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाना है. अब आम नागरिक राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें WhatsApp नंबर 9437292000 पर दर्ज करा सकेंगे. शिकायत दर्ज करने के बाद उसके हर चरण की जानकारी नागरिक को WhatsApp के माध्यम से मिलती रहेगी.

शिकायत प्राप्त होने, कार्रवाई की प्रगति, जांच, उच्च अधिकारियों को भेजे जाने, समाधान या अस्वीकृति तक की सूचना संबंधित व्यक्ति को दी जाएगी. मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि बदलते समय के साथ राजस्व विभाग को भी आधुनिक और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जा रहा है.

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल राज्य में राजस्व प्रशासन को और अधिक पारदर्शी बनाने तथा जनता का प्रशासन पर भरोसा मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ.

अरविंद कुमार पाढ़ी ने बताया कि नई व्यवस्था में शिकायतों की सीधी निगरानी मंत्री, विभागीय सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर की जाएगी. इससे अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी और शिकायतों के समयबद्ध निपटारे में मदद मिलेगी.

तहसील से लेकर कलेक्टर स्तर तक होगी निगरानी नई व्यवस्था के तहत शिकायत की प्रकृति के अनुसार उसे संबंधित अधिकारी के पास भेजा जाएगा. सामान्य राजस्व शिकायतों की शुरुआती जांच तहसीलदार करेंगे.

जरूरत पड़ने पर तहसीलदार मामले को राजस्व निरीक्षक (RI) के पास भेज सकते हैं. RI की रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दोबारा तहसीलदार के पास आएगा.

यदि किसी शिकायत में उच्च स्तर के हस्तक्षेप की आवश्यकता होगी तो उसे सब-कलेक्टर, इसके बाद ADM और जिला कलेक्टर के स्तर तक भेजा जा सकेगा. शिकायतों की निगरानी निर्धारित समयसीमा के अनुसार की जाएगी.

इन मामलों की शिकायत WhatsApp पर होगी दर्ज नई व्यवस्था के तहत भूमि और भू-अभिलेख, RoR, म्यूटेशन, कॉलम-2 में सुधार, भूमि वर्गीकरण परिवर्तन, बंटवारा, अतिक्रमण, सीमांकन, OLR की धारा 22 और 23, Regulation 2.0, भू-राजस्व (पौती), रजिस्ट्रेशन एवं स्टांप ड्यूटी, आपदा एवं राहत, प्रमाणपत्र समेत राजस्व विभाग से जुड़े कई मामलों की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी.

नागरिक शिकायत के साथ आवश्यक दस्तावेज भी WhatsApp के जरिए जमा कर सकेंगे. शिकायत के समाधान या अस्वीकृति के बाद नागरिक को परिणाम की जानकारी दी जाएगी. साथ ही शिकायत निपटारे की सेवा को लेकर रेटिंग और फीडबैक देने की सुविधा भी होगी.

राजस्व सेवाएं भी मिलेंगी WhatsApp पर ‘आमा साथी’ WhatsApp चैटबॉट के जरिए पहले से ही कई राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. 9437292000 पर आवेदन कर नागरिक म्यूटेशन, भूमि वर्गीकरण परिवर्तन, विवाह पंजीकरण, सोसाइटी रजिस्ट्रेशन, पंजीकरण संबंधी जानकारी, पंजीकृत दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां, जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र समेत विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.

नई शिकायत निवारण व्यवस्था शुरू होने के बाद अब नागरिकों को राजस्व संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए शुरुआत में अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी.

शिकायत निपटारे की पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल नई व्यवस्था में प्रक्रिया इस प्रकार होगी—WhatsApp पर शिकायत → संबंधित अधिकारी को भेजना → जांच/सत्यापन → कार्रवाई → समयबद्ध समाधान → नागरिक को सूचना → रेटिंग और फीडबैक.

भविष्य में राजस्व कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से प्राप्त होने वाली शिकायतों को भी इसी डिजिटल सिस्टम से जोड़ने पर विचार किया जा रहा है, ताकि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की शिकायतों को एक ही प्लेटफॉर्म से ट्रैक और मॉनिटर किया जा सके.

लॉन्च कार्यक्रम के दौरान रायगढ़ा, झारसुगुड़ा और कटक जिले के एक-एक नागरिक द्वारा WhatsApp के माध्यम से शिकायत दर्ज करने और प्रशासन द्वारा उसके प्रबंधन एवं समाधान की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया.

कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विभिन्न जिलों के कलेक्टर, ADM और तहसीलदार वर्चुअली शामिल हुए. (ओडिशा से अक्षय महाराणा की रिपोर्ट)

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।