ओंकारेश्वर में एकात्म धाम का दिव्य स्वरूप, CM यादव ने पंचायतन मंदिर का किया शिलान्यास
तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में एकात्म धाम अब भव्य और दिव्य स्वरूप ले रहा है। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एकात्म धाम में पंचायतन मंदिर का शिलान्यास किया। पूज्य संतों और आचार्यों की मौजूदगी में वैदिक अनुष्ठान के साथ 45 पवित्र शिलाओं का पूजन कर मंदिर निर्माण का शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एकात्म धाम सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकात्मता का केंद्र बनेगा। पंचायतन मंदिर के माध्यम से आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित विभिन्न उपासना पद्धतियों के समन्वय और एकात्म दृष्टि की परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा। पंचायतन मंदिर की खासियत
प्राचीन पंचायतन शैली पर आधारित मंदिर के केंद्र में भगवान शिव का मुख्य देवालय होगा, जबकि चारों कोनों में भगवान विष्णु, सूर्य देव, भगवान गणेश और भगवती शक्ति के उप-देवालय होंगे।
मंदिर में 100 नक्काशीदार स्तंभ, 8 लघु संवर्णा और 26 फीट व्यास का विशाल कलात्मक गुंबद होगा। 16 फीट ऊंचे जगति आधार पर बनने वाले मंदिर को 121 कलशों से सजाया जाएगा। इसके निर्माण में करीब 80 हजार घन फीट नक्काशीदार गुलाबी बलुआ पत्थर का उपयोग किया जा रहा है। सिंहस्थ-2028 से पहले निकलेगी एकात्म यात्रा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सिंहस्थ-2028 से पहले भव्य एकात्म यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का समापन सिंहस्थ के दौरान होगा। इसके जरिए देश और दुनिया तक भारतीय ज्ञान परंपरा, संत परंपरा और एकात्म दर्शन का संदेश पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओंकारेश्वर और उज्जैन को आध्यात्मिक चेतना के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में एकात्म धाम श्रद्धालुओं और जिज्ञासुओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा, आत्मिक शांति और भारतीय संस्कृति की अनुभूति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।