राजनीति

ओवैसी द्वारा रामेश्वर शर्मा को अपशब्द बोलने के विरोध में विश्व हिंदू महासंघ ने पुलिस आयुक्त के नाम सौंपा ज्ञापन, देखें वीडियो

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

भोपाल। विश्व हिंदू महासंघ भोपाल की ओर से एआईएमआईएम प्रमुख एवं हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा भोपाल में दिए गए कथित आपत्तिजनक वक्तव्यों के विरोध में पुलिस आयुक्त के नाम थाना मिसरोद में ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि 15 सितंबर 2026 को भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में ओवैसी द्वारा विधायक रामेश्वर शर्मा के पूर्व में दिए गए काजी कैंप संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। संगठन ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश जोशी ने कहा कि “भोपाल शांतिप्रिय शहर है और यहां सभी समाज आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। सार्वजनिक मंचों से ऐसी बयानबाजी नहीं होनी चाहिए, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। पुलिस प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करे।”

उन्होंने कहा कि “हम किसी समुदाय के विरोध में नहीं हैं, लेकिन सामाजिक शांति और कानून-व्यवस्था से समझौता भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच में यदि कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।”

ज्ञापन में ओवैसी के पूरे भाषण की वीडियो रिकॉर्डिंग एवं उपलब्ध साक्ष्यों की जांच, विधायक रामेश्वर शर्मा के संबंध में की गई कथित टिप्पणी की कानूनी जांच तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली किसी भी बात की जांच की मांग की गई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गौरक्षक मनीष जोशी , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामफूल कीर, प्रदेश मंत्री यशवंत योगी, महेंद्र गुस्सराम को मीणा, जिला महामंत्री रायसेन विनोद मीणा, जिला उपाध्यक्ष सर्वेश गौर, जिला मंत्री रमेश विश्वकर्मा, जिला मंत्री कमलेश गौर, ऋतिक विश्वकर्मा, शुभम कुशवाहा महामंत्री अनमोल पटेल सहित विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।