खेल

पहली सफारी में ही बाघ के दीदार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पहली सफारी में ही बाघ के दीदार

रणथंभौर में नए पर्यटन सत्र के पहले ही दिन पर्यटकों को बाघ RBT 2505 की शानदार साइटिंग हुई। जोन नंबर-3 में करीब 15 से 20 मिनट तक बाघ की अठखेलियां देखकर देशी-विदेशी सैलानी रोमांचित नजर आए।

सवाई माधोपुर, 1 अक्टूबर। तीन माह के लंबे अंतराल के बाद रणथंभौर नेशनल पार्क में नए पर्यटन सत्र का आगाज हुआ और पहले ही दिन देशी-विदेशी पर्यटकों को बाघ के शानदार दीदार हो गए। टाइगर सफारी के दौरान रणथंभौर के जोन नंबर-3 में जोगी महल चैन के पास पर्यटकों को बाघ RBT 2505 नजर आया।

बाघ को जंगल में अठखेलियां करते देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। पर्यटकों को करीब 15 से 20 मिनट तक बाघ की शानदार साइटिंग मिली। नए पर्यटन सत्र की पहली ही पारी में बाघ के दीदार होने से सैलानियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई पर्यटक बाघ की गतिविधियों को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।

गौरतलब है कि मानसून के दौरान रणथंभौर के मुख्य जोन नंबर 1 से 5 में करीब तीन माह तक पर्यटन गतिविधियां बंद रहती हैं। इस अवधि में पर्यटकों की आवाजाही भी कम हो जाती है। तीन माह के अंतराल के बाद एक बार फिर रणथंभौर के सभी 10 जोन पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं।

नए पर्यटन सत्र के शुभारंभ के साथ ही रणथंभौर में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी सैलानियों की आवाजाही शुरू हो गई। पहले दिन ही सैकड़ों पर्यटक टाइगर सफारी के लिए पहुंचे। आगामी दिनों के लिए भी सफारी की ऑनलाइन बुकिंग में पर्यटकों की अच्छी रुचि देखने को मिल रही है।

रणथंभौर बाघों के साथ-साथ अन्य वन्यजीवों की साइटिंग के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। ऐसे में नए पर्यटन सत्र के पहले दिन ही बाघ के दीदार होने से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी उत्साह है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।