पैरा एशियाई खेलों के लिए 166 खिलाड़ियों को मंजूरी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
14 अक्टूबर, नई दिल्ली : खेल मंत्रालय ने जापान के आइची-नागोया में 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले पैरा एशियाई खेलों के लिए 166 भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी को मंजूरी दे दी है। भारतीय खिलाड़ी 10 खेलों में चुनौती पेश करेंगे। भारत का कुल 275 सदस्यीय दल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा, जिसमें 166 खिलाड़ी, 94 टीम अधिकारी और सहयोगी स्टाफ तथा 15 दल स्टाफ शामिल हैं।
एथलेटिक्स में सबसे अधिक 62 खिलाड़ियों को मंजूरी मिली है, जिनमें 46 पुरुष खिलाड़ी हैं। विश्व चैंपियनशिप में पदक जीत चुकीं दृष्टिबाधित फर्राटा धाविका सिमरन भी भारतीय टीम का हिस्सा होंगी।
साइकिलिंग में खिलाड़ियों के विरोध के बावजूद मंत्रालय ने अंतिम समय में टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, टेबल टेनिस में पैरालंपिक रजत पदक विजेता भाविना पटेल को टीम में जगह मिली है।
बैडमिंटन में 28 सदस्यीय दल को मंजूरी दी गई है। इसमें पूर्व विश्व नंबर एक और टोक्यो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत तथा पैरालंपिक रजत पदक विजेता सुहास यथिराज शामिल हैं।
पैरा तीरंदाजी में दो बार पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं शीतल देवी पर भी निगाहें रहेंगी। वहीं, निशानेबाजी में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल भारतीय दल का हिस्सा होंगी।