राजनीति

पंचायत चुनाव का प्रशिक्षण शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पंचायत चुनाव का प्रशिक्षण शुरू

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने के दिए निर्देश

जालोर, 8 अक्टूबर। पंचायतीराज चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गांवडे की अध्यक्षता में रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने, मतदान केंद्रों की परिधि का निर्धारण करने और निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। मास्टर ट्रेनर्स ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से नामांकन प्रक्रिया, विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों, नॉमिनेशन फॉर्म की चेकलिस्ट और स्क्रूटनी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े नियमों और जिम्मेदारियों को लेकर अधिकारियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया।

कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह चांदावत, एडीएम भीनमाल पूजा सक्सेना, एडीएम सांचौर प्रकाशचंद अग्रवाल, डीएमएलटी कैलाश परिहार सहित आरओ, एआरओ और निर्वाचन विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।