राजनीति

पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने भरी हुंकार,धौलपुर में बैठक का आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने भरी हुंकार,धौलपुर में बैठक का आयोजन

सर्वे के आधार पर चुने जाएंगे जिताऊ प्रत्याशी,बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, बड़ी संख्या में दावेदार और कार्यकर्ता रहे मौजूद

धौलपुर, 10 अक्टूबर। पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय धौलपुर में जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भरतपुर संभाग चुनाव प्रभारी अशोक परनामी मुख्य अतिथि तथा संभाग सह चुनाव प्रभारी हेमराज मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति, प्रत्याशियों के चयन और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए भरतपुर संभाग चुनाव प्रभारी अशोक परनामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जिला परिषद और पंचायत समितियों में भाजपा की जीत से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी और विकास का पहिया गांवों तक पहुंचेगा।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ग्रामीण विकास एवं किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि इन योजनाओं के लाभार्थियों का समर्थन पार्टी को मिलेगा। आगामी पंचायत चुनावों में उम्मीदवारों का चयन संगठनात्मक सर्वे और स्थानीय स्तर पर प्राप्त फीडबैक के आधार पर किया जाएगा। मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और संयोजकों के सर्वे को प्रत्याशी चयन में महत्व दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र में मजबूत जनाधार और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को मौका मिल सके।

बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।

बैठक में धौलपुर जिला चुनाव प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा, जिला प्रभारी सत्येंद्र गोयल, सह प्रभारी गोविंद सिंह चौधरी, शिवचरण कुशवाहा, पूर्व विधायक सुखराम कोली, पूर्व मंत्री जगमोहन बघेल, विवेक सिंह बोहरा, पूर्व जिला अध्यक्ष बांकेलाल लोधा, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर और पार्षद संजय शर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत चुनावों के आकांक्षी प्रत्याशी और उनके समर्थक शामिल हुए। बैठक को आगामी चुनावों से पहले संगठन की तैयारियों और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।