राजनीति

पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के निर्देश

जयपुर में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने पंचायती राज चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। करीब 1.55 लाख पदों पर होने वाले चुनाव के लिए बिजली, सुरक्षा, मतदान केंद्रों और प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

जयपुर, 10 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव की व्यापकता को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में 10,245 पदों के लिए निर्वाचन कराया गया था, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में करीब 1.55 लाख पदों पर चुनाव होना है। अधिक संख्या में पदों और व्यापक चुनावी प्रक्रिया को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

ग्राम पंचायतों में बिजली और रोशनी की व्यवस्था

राजेश्वर सिंह ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आवश्यकतानुसार जनरेटर और लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बिजली कंपनियों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनाव के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास किए जाएं। मतदान केंद्रों पर बिजली, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का पहले से सत्यापन करने पर भी जोर दिया गया।

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर कमियों को समय रहते दूर करने को कहा।

मतदान दलों और निर्वाचन सामग्री की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में मतदान दलों के गठन, प्रशिक्षण, परिवहन व्यवस्था, ईवीएम एवं मतपेटियों की उपलब्धता, मतपत्रों के मुद्रण और सुरक्षा सहित निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध करने और मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमानुसार वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने आदर्श आचरण संहिता की पालना पर भी जोर दिया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संभागीय आयुक्तों और जिला निर्वाचन अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।