पंचायतीराज मंत्री ने मिनरल वाटर प्लांट का उद्घाटन किया:बोले- रोजगार देने वाले छोटे-बड़े उद्यमों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड में शुक्रवार को बिहार सरकार के पंचायतीराज मंत्री दीपक प्रकाश का कई जगहों पर स्वागत किया गया। इस दौरान मंत्री ने ककराचक गांव में एक मिनरल वाटर प्लांट का उद्घाटन किया। इसके बाद दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू किया गया। कार्यक्रम के दौरान बीस सूत्री उपाध्यक्ष और जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राम एकबाल सिंह, बोचहां प्रखंड प्रमुख साजन कुमार पासवान, विनोद कुमार सिंह और पैक्स अध्यक्ष रंजन कुमार समेत सैकड़ों लोगों ने मंत्री को फूल-माला, बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इससे पहले मंत्री दीपक प्रकाश के बोचहां पहुंचने पर पटियासा समेत कई स्थानों पर भी उनका स्वागत हुआ। पूर्व राजस्व एवं भूमि सुधार और विधि मंत्री रामसूरत राय के नेतृत्व में भाजपा मंडल अध्यक्ष मिथिलेश कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान बोचहां विधायक बेबी कुमारी का भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में बोलते हुए पंचायतीराज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि जो लोग छोटी या बड़ी फैक्ट्री लगाकर लोगों को रोजगार दे रहे हैं, उनका स्वागत और प्रोत्साहन किया जाना चाहिए। सरकार का लक्ष्य है कि हर नौजवान और बेरोजगार को रोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने आगे कहा कि गांव और मोहल्ले के हर आखिरी व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचेगा, तभी बिहार का विकास और अधिक तेजी से संभव होगा। इस कार्यक्रम में कई स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इस मौके पर सुरेश भगत, अजीत कुमार समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
📡 स्रोत: NewsData.io