पानी लेने जा रहे पिता-पुत्र पर गिरा बिजली का पोल:करंट लगने से दोनों की मौके पर मौत, मां गंभीर; पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती
पाली जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र के पिलोवनी गांव के खेत में खड़ा क्षतिग्रस्त बिजली का पोल अचानक गिर गया और उसके तार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर जा गिरे। करंट की चपेट में आने से पिता और 15 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला गंभीर घायल हो गई।
उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। तीनों पानी लेने जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
क्षतिग्रस्त पोल के पास से गुजरते समय अचानक गिरा खिंवाड़ा थानाप्रभारी बलभद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर जिले के देवला गांव निवासी 45 वर्षीय रामाराम पुत्र पिताराम गेमती अपनी 42 वर्षीय पत्नी सूनड़ी और 15 वर्षीय बेटे सेणाराम के साथ रहता था। रामाराम खेत में मजदूरी करने के साथ लकड़ी काटने का काम करता था।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे तीनों पानी लेने जा रहे थे। जैसे ही वे खेत में खड़े क्षतिग्रस्त बिजली के पोल के पास से गुजरे, अचानक पोल गिर गया। बिजली के तार तीनों के ऊपर जा गिरे। करंट की चपेट में आने से रामाराम गेमती और उसके 15 वर्षीय बेटे सेणाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 42 वर्षीय सूनड़ी देवी गंभीर घायल हो गई।
घायल महिला का बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज जारी हादसे के बाद गंभीर हालत में सूनड़ी देवी को तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल भेजा गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद गांव में भी माहौल गमगीन है।
ग्रामीण का आरोप- कई बार शिकायत के बाद भी पोल नहीं बदला पिलोवनी गांव निवासी श्रवण ने आरोप लगाया कि खेत में खड़ा बिजली का पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त था। इसे बदलने के लिए डिस्कॉम को कई बार कहा गया था, लेकिन पोल नहीं बदला गया। ग्रामीण का आरोप है कि अगर समय रहते पोल बदल दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता।
📡 स्रोत: NewsData.io