देश

पंजाब में आज आम आदमी क्लिनिक कर्मचारियों की हड़ताल

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 25 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 25, नई दिल्ली: पंजाब में आम आदमी क्लीनिक के कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी क्लीनिक एसोसिएशन की ओर से लंबे समय से लंबित अपनी मांगों को लेकर आज पंजाब स्तर पर हड़ताल की गई।

इसके तहत गुरदासपुर जिले में भी मोहल्ला क्लीनिकों को ताले लगाकर कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

इस मौके पर आम आदमी क्लीनिक एसोसिएशन के सदस्यों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार और स्वास्थ्य विभाग के ध्यान में मामला ला रहे हैं। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को भी मांगों को लेकर हड़ताल की गई थी।

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से बैठक कर मुख्य मांगों के संबंध में 15 दिनों के भीतर नोटिफिकेशन जारी करने का भरोसा दिया गया था। एसोसिएशन नेताओं के अनुसार, निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद मांगों को लेकर कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद मामला हल नहीं होने के कारण कर्मचारियों को मजबूरन 25 अगस्त को पूरे पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक बंद कर हड़ताल करने का फैसला लेना पड़ा है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें नौकरी की सुरक्षा दी जाए और उन्हें 'इंपैनल्ड' श्रेणी में रखने के बजाय किसी मुख्य सरकारी बॉडी, डीएचएस या एनएचएम के अधीन शामिल किया जाए।

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।