पंजाब: आज सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की 'महाहड़ताल'

अगस्त 27, नई दिल्ली: पंजाब में आज सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की ओर से प्रदेशव्यापी 'महाहड़ताल' की जा रही है। लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी संगठनों ने सामूहिक अवकाश का आह्वान किया है। इसके चलते राज्य के बड़ी संख्या में सरकारी विभागों में नियमित कामकाज प्रभावित होगा।
कर्मचारी संगठनों के मुताबिक करीब 3 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं, जबकि करीब 4 लाख से अधिक पेंशनर्स और विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी भी आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं।
आज सभी ज़िलों में DC ऑफिस, SDM ऑफिस, तहसील कार्यालय, राजस्व विभाग, सेवा केंद्र, नगर निगम, PSPCL, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जल एवं स्वच्छता, सिंचाई विभाग समेत कई सरकारी कार्यालयों का काम प्रभावित रहेगा।कर्मचारियों ने लोगों से भी अपील की है कि वे आज अपने सरकारी काम के लिए कार्यालयों में आने से बचें।
सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी भी सामूहिक अवकाश में शामिल हो रहे हैं। हड़ताल का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ेगा। पंजाब के सरकारी अस्पतालों में OPD सेवाएं आज बंद रहेंगी। लेकिन इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। इस बीच सरकार और कर्मचारियों के बीच बातचीत का रास्ता खुला हुआ है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर में कर्मचारियों की ज्वाइंट कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर