परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का ऐलान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 14, नई दिल्ली: पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद तनाव का माहौल है। घटना के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आक्रोशित समर्थकों ने मानसा में मुख्यमंत्री भगवंत मान के पोस्टर फाड़े और मुख्यमंत्री के साथ-साथ पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग करते हुए 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का ऐलान किया है। वहीं, सिरसा-मानसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन के चलते भारी जाम लगा हुआ है।
परविंदर सिंह झोटा के परिवार ने हमलावर की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। मृतक के पिता भीम सिंह के मुताबिक, आगे के आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। घटना के बाद मानसा में विरोध प्रदर्शन जारी हैं और मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
फ़ाइल फ़ोटो