अपराध

पटाखा बनाने के दौरान मकान में विस्फोट, घटनास्थल पर पहुंचे डीएम-एसपी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पटाखा बनाने के दौरान मकान में विस्फोट, घटनास्थल पर पहुंचे डीएम-एसपी

सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पटाखा बनाने के दौरान एक मकान में जोरदार विस्फोट हो गया।

24 अक्टूबर , सीवान (सीवान, बिहार) : सीवान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान एक मकान में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश में राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस पटाखा निर्माण से संबंधित लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। वहीं, एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पटाखा बनाने के दौरान एक मकान में जोरदार विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि अमीरुद्दीन के मकान में पटाखा बनाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक हुए विस्फोट से मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।

घटना को लेकर जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि संबंधित मकान में पटाखा बनाने का काम किए जाने की सूचना मिल रही थी। इसी मकान में विस्फोट हुआ है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, विस्फोट के समय मकान में कुल सात लोग मौजूद थे। अब तक चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

एसपी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने पटाखा निर्माण के लिए लाइसेंस होने की बात कही है। हालांकि, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लाइसेंस और पटाखा निर्माण से संबंधित अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची है, जो विस्फोट के कारणों और मौके से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मकान में पटाखा निर्माण किस तरह किया जा रहा था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था।

फिलहाल, अलमापुर गांव में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की तलाश करना और हादसे से संबंधित सभी तथ्यों का पता लगाना है। विस्फोट के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।