राज्य

पटना की 108 साल पुरानी जलमीनार का होगा कायाकल्प, 3 करोड़ रुपये से शुरू हुआ जीर्णोद्धार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पटना की 108 साल पुरानी जलमीनार का होगा कायाकल्प, 3 करोड़ रुपये से शुरू हुआ जीर्णोद्धार

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ परिसर को आकर्षक स्वरूप देना है।

28 अक्टूबर , पटना (पटना , बिहार) : बिहार की राजधानी पटना की ऐतिहासिक विरासत को संवारने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। वीरचंद पटेल पथ पर मिलर हाईस्कूल (शहीद देवीपद चौधरी हाईस्कूल) के पास स्थित 108 साल पुरानी ऐतिहासिक जलमीनार का जीर्णोद्धार और परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को 3.38 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का शिलान्यास किया गया।

ब्रिटिश शासनकाल में वर्ष 1915 से 1918 के बीच निर्मित यह जलमीनार करीब 130 फीट ऊंची है। इस परियोजना के तहत पटना नगर निगम जलमीनार को संरक्षित करने के साथ-साथ आसपास के लगभग 14,400 वर्ग फीट क्षेत्र को भी विकसित करेगा।

परिसर में बनेगा हेरिटेज गार्डन और कैफेटेरिया

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ परिसर को आकर्षक स्वरूप देना है।

योजना के तहत करीब 2,500 वर्ग फीट क्षेत्र में आधुनिक कैफेटेरिया बनाया जाएगा। इसके अलावा परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, चारदीवारी का निर्माण होगा और रंग-बिरंगी वार्म एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। यहां एक हेरिटेज गार्डन भी विकसित किया जाएगा, जहां स्थानीय लोग, पर्यटक और छात्र ऐतिहासिक जलमीनार को करीब से देख सकेंगे।

ऐतिहासिक धरोहर को मिलेगा नया स्वरूप

इस परियोजना के पूरा होने के बाद जलमीनार और उसके आसपास का परिसर पटना की ऐतिहासिक विरासत के एक प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित हो सकेगा। इससे शहर की पुरानी धरोहर को संरक्षित करने के साथ लोगों को एक नया सार्वजनिक स्थल भी मिल सकेगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।