राजनीति

पेंशनरों की 8 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रांताध्यक्ष सुधीर दुबे की चेतावनी, 8 अक्टूबर को धरना; मांगें नहीं मानीं तो बड़ा आंदोलन

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पेंशनरों की 8 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रांताध्यक्ष सुधीर दुबे की चेतावनी, 8 अक्टूबर को धरना; मांगें नहीं मानीं तो बड़ा आंदोलन

महंगाई राहत, वेतनवृद्धि का एरियर, अनुग्रह अनुदान, राशन कार्ड और नगदीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से निर्णय की मांग

भोपाल। ऑल प्रगतिशील पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के नेतृत्व में सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनरों की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर 8 अक्टूबर को धरना आयोजित किया जाएगा। संगठन के प्रांताध्यक्ष सुधीर दुबे ने कहा कि यदि सरकार ने पेंशनरों की मांगों पर शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

सुधीर दुबे ने कहा कि पेंशनरों ने अपने सेवाकाल में वर्षों तक शासन की सेवा की है। अब जीवन के इस पड़ाव पर उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।

संगठन के महामंत्री अभय कुमार जैन ने कहा कि बुढ़ापे में पेंशन ही अधिकांश पेंशनरों का मुख्य सहारा है। ऐसे में सरकार को उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए।

संगठन की प्रमुख मांगों में मध्यप्रदेश के पेंशनरों को केंद्रीय तिथि से 2 प्रतिशत महंगाई राहत देना, पेंशनर की मृत्यु होने पर आश्रित को 1 लाख 25 हजार रुपये का अनुग्रह अनुदान देना और 30 जून तथा 31 दिसंबर 2026 को सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एक वेतनवृद्धि का लाभ एरियर सहित देना शामिल है।

इसके अलावा कम आय वाले पेंशनरों के बेरोजगार बच्चों को पीला राशन कार्ड जारी करने, मुख्यमंत्री केयर फंड में शासकीय कर्मचारियों के समान 1 प्रतिशत अंशदान लेने, आदिम जाति एवं शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षकों को चतुर्थ वेतनमान का लाभ देने तथा पेंशनरों के हित में जारी शासनादेशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन कराने की मांग की गई है।

संगठन ने आदिम जाति कल्याण एवं शिक्षा विभाग के अधीक्षकों और शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों के समान नगदीकरण का लाभ देने की मांग भी रखी है।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर 8 अक्टूबर को धरना दिया जाएगा। उन्होंने पेंशनरों से धरने में शामिल होने की अपील की।

इस अवसर पर महावीर सिंह सिकरवार, रमेश जोशी, राजेश जोशी, केसी मिश्रा, विकास गवांदे, केएस गंगवार, डीएस तोमर, बीएस राजपूत, अभय कुमार जैन, चंद्रकांत, एसएल सहगल, रामगोपाल मिश्रा, राजेश खत्री, रमेश बिष्टर्मा, जगदीश राजपूत, रविशंकर लोहिया, पीयूष वर्मा, हरप्रसाद बंसिका, गौतम, इंजीनियर जेपी पटेल, डॉ. आरके श्रीवास्तव, इंजीनियर डीआर जैन, महाश्री राजा भैया सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं पेंशनर मौजूद रहे।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।