अपराध

पेंसिल चुराने के आरोप में शिक्षिका ने छात्र को पीटा:कान का पर्दा फटा, चार दिन से चल रहा इलाज

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पेंसिल चुराने के आरोप में शिक्षिका ने छात्र को पीटा:कान का पर्दा फटा, चार दिन से चल रहा इलाज

कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर हरी गांव स्थित एक निजी स्कूल में आठ वर्षीय छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने स्कूल की शिक्षिका पर बेटे को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षिका के कई थप्पड़ मारने से बेटे के कान का पर्दा फट गया। घटना के बाद से छात्र का इलाज चल रहा है। रविवार को परिजनों ने बिठूर थाने पहुंचकर शिक्षिका के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रतापपुर हरी गांव निवासी प्रकाश पाल मजदूरी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी सुशीला, बेटे अनमोल व दिब्यांश और बेटी शिवानी हैं। प्रकाश पाल ने बताया कि उनके तीनों बच्चे गांव में ही स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। उनका आठ वर्षीय बेटा अनमोल कक्षा तीन का छात्र है। पिता के मुताबिक, 12 अगस्त को अनमोल और उसके भाई-बहन रोज की तरह स्कूल गए थे। आरोप है कि स्कूल में अनमोल ने अपने एक सहपाठी की पेंसिल ले ली थी। सहपाठी ने इसकी शिकायत वहां पढ़ाने वाली शिक्षिका से कर दी। शिकायत के बाद शिक्षिका ने अनमोल को बुलाकर पूछताछ की और कथित तौर पर उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि शिक्षिका ने छात्र को कई थप्पड़ मारे, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आ गई। घर पहुंचकर बेटे ने बताई पूरी बात प्रकाश पाल ने बताया कि स्कूल से घर लौटने के बाद बेटे ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह स्कूल पहुंचे और शिक्षिका से बेटे की पिटाई को लेकर शिकायत की। पिता का आरोप है कि स्कूल की प्रिंसिपल ने भी छात्र की गलती बताते हुए उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया। जब उन्होंने बच्चे के कान में चोट लगने की बात कहते हुए इलाज कराने की बात कही तो आरोप है कि शिक्षिका ने कथित तौर पर कहा कि इलाज नहीं कराएंगी, जो करना हो कर लो। इसके बाद परिजन छात्र को डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। पिता का कहना है कि चिकित्सकों ने बच्चे के कान के पर्दे पर गंभीर चोट की बात कही और ऑपरेशन की जरूरत बताई। घटना के बाद से परिवार बच्चे का इलाज करा रहा है। रविवार को परिजन बिठूर थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।