राज्य

पिछोर में महंगाई के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, हाथ ठेले पर सिलेंडर-चूल्हा रखकर निकाला जुलूस, देखें वीडियो

लेखक: Ranu Parihar अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पिछोर में महंगाई के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, हाथ ठेले पर सिलेंडर-चूल्हा रखकर निकाला जुलूस, देखें वीडियो

पिछोर। नगर पिछोर में रविवार को कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथ ठेले पर घरेलू गैस सिलेंडर, चूल्हा, पेट्रोल की कैन और शक्कर की बोरी रखकर पूरे नगर में जुलूस निकाला और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की।

देखें वीडियो

रविवार दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय बस स्टैंड से कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हुए। यहां से उन्होंने हाथ ठेले पर महंगाई के प्रतीक के रूप में सामान रखकर प्रदर्शन शुरू किया। जुलूस बस स्टैंड से मुख्य बाजार, सदर बाजार, थाने के सामने होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा।

इस दौरान कार्यकर्ता "महंगाई कम करो", "भाजपा सरकार होश में आओ", "आम जनता पर अत्याचार बंद करो" जैसे नारे लगाते रहे। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने किया। जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। ठेले पर रखे सिलेंडर-चूल्हे को देखने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ लग गई।

450 वाला सिलेंडर 1020 में, कैसे चलेगा घर का बजट प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। मध्यम वर्ग और गरीब परिवार का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष और स्थानीय नेताओं ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जो घरेलू गैस सिलेंडर 400 से 450 रुपये में मिलता था, आज उसकी कीमत 1020 रुपये से अधिक हो गई है। इसी तरह पेट्रोल जो कभी 70 से 80 रुपये लीटर था, आज पिछोर में 116 रुपये प्रति लीटर के करीब बिक रहा है।

नेताओं ने कहा कि शक्कर की कीमत भी 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है, जबकि सरसों का तेल, दालें और अन्य खाद्य सामग्री के दाम दोगुने हो गए हैं। बिजली के बिलों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान है। रसोई का बजट बिगड़ने से गृहणियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार महंगाई बढ़ा रही है, दूसरी तरफ आय में कोई वृद्धि नहीं हो रही है। किसान, मजदूर और नौकरीपेशा वर्ग सभी इस महंगाई से त्रस्त हैं। लाड़ली बहना योजना पर भी उठाए सवाल प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना को लेकर भी सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को 1250 रुपये देकर महंगाई की मार को छिपाने की कोशिश कर रही है। एक तरफ 1000 रुपये खाते में डालना और दूसरी तरफ सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, शक्कर और बिजली के दाम बढ़ाकर 3000 रुपये वसूल लेना, यह महिलाओं के साथ छलावा है।

सरकार को चाहिए कि वह योजनाओं के नाम पर भ्रम फैलाने के बजाय महंगाई को नियंत्रित करे। आंदोलन तेज करने की चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र और राज्य सरकार ने जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सिर्फ शुरुआत है।

आने वाले दिनों में ब्लॉक स्तर पर धरना, ज्ञापन और बाजार बंद जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे और जनता को साथ लेकर सड़क पर उतरा जाएगा। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने की बात भी कही, जिसमें महंगाई कम करने और गरीबों को राहत देने की मांग शामिल है।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। नगर में शांतिपूर्ण तरीके से निकले इस जुलूस के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि यातायात और कानून व्यवस्था बनी रहे।

करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए।

R
Ranu Parihar

रानू परिहार शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।