अपराध

पिछोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 पेटी अवैध शराब के साथ बलेनो कार जब्त, देखें वीडियो

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पिछोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 पेटी अवैध शराब के साथ बलेनो कार जब्त, देखें वीडियो

5.58 लाख रुपये का मशरूका जब्त, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

पिछोर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछोर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 पेटी अवैध देशी शराब से भरी बलेनो कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 5 लाख 58 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक 1 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि नीले रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार क्रमांक UP 16 BK 0079 में अवैध शराब भरकर मायापुर की ओर से पिछोर की तरफ लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पिछोर थाना पुलिस ने तत्काल लभेड़ा तिराहा पर वाहन चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान मायापुर की ओर से एक संदिग्ध बलेनो कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से लभेड़ा रोड की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। आगे बंटना कंपनी के पास मार्ग अवरुद्ध होने के कारण चालक कार को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें 27 पेटी देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई। पुलिस के अनुसार शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 8 हजार रुपये, जबकि बलेनो कार की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 5 लाख 58 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया।

पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 449/26, धारा 34(2) मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार तस्दीक के दौरान वाहन के संबंध में अभिनंदन लोधी निवासी ग्राम राजपुर एवं दिनेशो लोधी निवासी ग्राम लभेड़ा के नाम सामने आए हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक रामकिशोर जोशी, उपनिरीक्षक सुबोध टोप्पो, आरक्षक अरविंद सगर, धर्मेंद्र लोधी, विकास शिवहरे, योगेन्द्र मल्होत्रा एवं भूपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।