खेल

पीएचई और उच्च शिक्षा विभाग का गौरव: प्रदीप डेहरिया, अब्दुल समद और आमिर उद्दीन नेशनल डेफ प्रीमियर क्रिकेट लीग में दिखाएंगे जलवा

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 23 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पीएचई और उच्च शिक्षा विभाग का गौरव: प्रदीप डेहरिया, अब्दुल समद और आमिर उद्दीन नेशनल डेफ प्रीमियर क्रिकेट लीग में दिखाएंगे जलवा

भोपाल। मध्यप्रदेश के शासकीय विभागों के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रदेश के तीन शासकीय कर्मचारी राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHED) परासिया, छिंदवाड़ा में पदस्थ प्रदीप डेहरिया, PHED विदिशा में कार्यरत अब्दुल समद तथा मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत आमिर उद्दीन का चयन नेशनल डेफ प्रीमियर क्रिकेट लीग (NDPL) के लिए हुआ है।

राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता तेलंगाना स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ द डेफ (TSCAD) के आयोजन में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक हैदराबाद में आयोजित होगी। प्रतियोगिता आईपीएल के फॉर्मेट पर खेली जाएगी और इसमें डेफ क्रिकेट के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

प्रदीप डेहरिया को चेन्नई टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी

प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के लिए खास उपलब्धि यह है कि PHED परासिया में कार्यरत प्रदीप डेहरिया को चेन्नई टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत आमिर उद्दीन टीम के उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। PHED विदिशा के अब्दुल समद भी चेन्नई टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल हैं।

शासकीय सेवाओं के साथ खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले इन तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

खेल एवं सांस्कृतिक समिति ने दी शुभकामनाएं

तीनों खिलाड़ियों के चयन पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभागीय अधिकारी कर्मचारी खेल एवं सांस्कृतिक समिति, भोपाल के सदस्यों ने खुशी व्यक्त की है। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने खिलाड़ियों को हैदराबाद में होने वाली प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

समिति के सचिव शोऐब सिद्दीकी ने खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

चेन्नई टीम में देशभर के खिलाड़ी शामिल

डेफ क्रिकेट एसोसिएशन मध्यप्रदेश के सचिव सतीश गौतम की ओर से जारी सूची के अनुसार चेन्नई टीम में देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

टीम में प्रदीप डेहरिया (कप्तान, मध्यप्रदेश), आमिर उद्दीन (उप-कप्तान, मध्यप्रदेश), कन्नन सी. (विकेटकीपर, चेन्नई), ललित सिंह (मध्यप्रदेश), अब्दुल समद (मध्यप्रदेश), एम. इदूस (आंध्रप्रदेश), मुरारी (आंध्रप्रदेश), जी. विजय (आंध्रप्रदेश), अभि रामटेके (नागपुर), सुरेंदर (राजस्थान), रामावतार (राजस्थान), प्रशांत मौर्य (बिहार), जोयान खान (नागपुर) और मोहम्मद समीर (तेलंगाना) शामिल हैं।

मध्यप्रदेश के तीनों खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश के डेफ क्रिकेट खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है। अब 28 सितंबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में सभी की नजरें चेन्नई टीम के प्रदर्शन और मध्यप्रदेश के इन खिलाड़ियों पर रहेंगी।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।