पीएम-कुसुम योजना से किसानों को मिल रहा लाभ- भजनलाल शर्मा

अगस्त 21, नई दिल्ली: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की खुशहाली के लिए 'बीज से बाजार तक' अनेक योजनाएं चला रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम-कुसुम योजना से राजस्थान का किसान अब केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि 'ऊर्जादाता' के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। पीएम-कुसुम योजना के लाभार्थी किसानों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि फीडर स्तर पर स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों की क्षमता के मामले में राजस्थान पूरे देश में प्रथम स्थान पर है।
मुख्यमंत्री के अनुसार राजस्थान में PM-KUSUM योजना के कम्पोनेंट-A और C के तहत अब तक 5 हजार मेगावाट से अधिक क्षमता के 2,300 से ज्यादा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।उन्होंने बताया कि फीडर स्तर पर स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों की क्षमता के आधार पर राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है।
इससे राज्य में कृषि क्षेत्र के लिए सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों के लिए आय के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को कृषि कार्य के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है।
वर्तमान में राजस्थान के 26 जिलों के 3.34 लाख से अधिक किसानों को कृषि कार्य के लिए दिन में बिजली मिल रही है। सरकार का लक्ष्य जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन के समय कृषि बिजली उपलब्ध कराना है। फोटो- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फाइल फोटो)