पीएम मोदी से अंतरिक्ष क्षेत्र के कंपनियों के प्रमुखों की मुलाकात

अगस्त 21, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अंतरिक्ष क्षेत्र के 20 स्टार्टअप कंपनियों के CEO और संस्थापकों के साथ बातचीत की। इस बैठक में अंतरिक्ष क्षेत्र में काम कर रही 20 प्रमुख निजी कंपनियों के प्रमुख शामिल हुए।
इनमें स्काईरूट एयरोस्पेस, अग्निकुल कॉसमॉस, पिक्सेल, ध्रुव स्पेस, गैलेक्सीआई जैसी कंपनियां शामिल हैं।
ये कंपनियां रॉकेट निर्माण, रियूजेबल सेमी-क्रायोजेनिक लॉन्च व्हीकल, एवियोनिक्स, सैटेलाइट, आधुनिक प्रोपल्शन सिस्टम, अंतरिक्ष और रक्षा से जुड़ी इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष मलबा हटाने, AI आधारित मौसम और जलवायु तकनीक जैसे क्षेत्रों में काम कर रही हैं।बैठक में भारत के निजी अंतरिक्ष उद्योग की प्रगति, नई तकनीक और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
स्टार्टअप कंपनियों के प्रमुखों ने बताया कि भारत का निजी अंतरिक्ष उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में ही अत्याधुनिक तकनीक और क्षमताएं विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कंपनियों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री और सरकार का आभार जताया।वहीं पीएम मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र के उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि इन कंपनियों ने नए क्षेत्र में आगे बढ़ने का साहस दिखाया है।
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र खोलने की सोच को इन कंपनियों के आत्मविश्वास ने मजबूती दी है।
पीएम मोदी ने स्पेस कंपनियों से तकनीक के नए उपयोग तलाशने और आम लोगों के जीवन को आसान बनाने वाली सेवाएं विकसित करने का आह्वान किया।पीएम ने कहा प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम भारत और दुनिया के लिए एक बड़ी ताकत बन सकता है। पीएम ने कंपनियों के बीच आपसी समन्वय पर भी बल दिया है।
प्रधानमंत्री ने अटल टिंकरिंग लैब्स के साथ ज्यादा सहयोग करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में कम उम्र से ही अंतरिक्ष क्षेत्र के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ेगी। फोटो- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)सोर्स- PIB