पीएम पोषण रसोइयों का मानदेय बढ़ा, कैशलेस इलाज भी:2 हजार से 3 हजार हुआ मानदेय, 5 लाख तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम पोषण योजना के तहत काम करने वाले रसोइयों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इसमें उनके मानदेय में वृद्धि, स्वास्थ्य सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण शामिल है।
इन घोषणाओं का सजीव प्रसारण रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार, सोनभद्र में आयोजित रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम के दौरान देखा गया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय में वृद्धि और अन्य सुविधाओं का विस्तार उनके परिश्रम के प्रति सम्मान दर्शाता है।
गोंड ने बताया कि मुख्यमंत्री ने रसोइयों का मासिक मानदेय 2 हजार से बढ़ाकर 3 हजार करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, उन्हें और उनके परिवार को 5 लाख तक की वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। साड़ी/यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाला वार्षिक भत्ता 500 से बढ़ाकर 1 हजार कर दिया गया है।
दुर्घटना में मृत्यु होने पर रसोइयों के परिवार को 2 लाख की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी। यह निर्णय रसोइयों को आर्थिक रूप से सशक्त करेगा और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया।
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि पीएम पोषण योजना बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने इस योजना के सफल क्रियान्वयन में रसोइयों की भूमिका को आधारभूत बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा, साड़ी व यूनिफॉर्म भत्ते में वृद्धि तथा दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता का प्रावधान उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संबल को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
जनपद में पीएम पोषण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
📡 स्रोत: NewsData.io