पीएम संकल्प पत्र दिवस पर 180 बालिकाओं ने पूर्व अपर आयुक्त जानकी यादव से किया संवाद, करियर और भविष्य को लेकर पूछे सवाल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। पीएम संकल्प पत्र दिवस के अवसर पर 9 अक्टूबर को पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) बालिका हायर सेकेंडरी स्कूल, बरखेड़ा में बालिकाओं के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहानुभूति मानव कल्याण विकास समिति, भोपाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व अपर आयुक्त जानकी यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में 180 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने भविष्य, शिक्षा तथा करियर से जुड़े सवाल पूछे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्य ने जानकी यादव का स्वागत किया। संवाद के दौरान यादव ने बालिकाओं के साथ अपने जीवन के अनुभव, शिक्षा के दौरान आए संघर्षों और प्रशासनिक सेवा में अपने कार्यों से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बालिकाओं को लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर अध्ययन करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बालिकाओं ने करियर की संभावनाओं, पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने, अपने सपनों को पूरा करने और शिक्षा के दौरान आने वाली चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे। जानकी यादव ने उनके सवालों के जवाब देते हुए अपने अनुभव साझा किए और बालिकाओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार भविष्य की राह चुनने के लिए प्रोत्साहित किया।
एमएलबी बालिका हायर सेकेंडरी स्कूल में आसपास के क्षेत्रों से मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बड़ी संख्या में बालिकाएं शिक्षा प्राप्त करने आती हैं। ऐसे में यह संवाद कार्यक्रम उनके लिए अपने भविष्य को लेकर नई संभावनाओं को समझने और अपने लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, करियर और जीवन से जुड़े अनुभवों के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना था।