देश

पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत जिला चंबा में बनाई जा रही 65 सड़कें

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत जिला चंबा में बनाई जा रही 65 सड़कें

अक्तूबर 17,चंबा (हिमाचल प्रदेश): जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के संबंध में जिला मुख्यालय चंबा में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं जिला योजना विकास तथा 20 सूत्री कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की।

कल देर शाम सम्पन हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण लघु सिंचाई योजनाओं, स्वच्छता कार्यक्रम के तहत स्वच्छ भारत अभियान, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, मिड डे मील, एकीकृत बाल विकास परियोजना के तहत बच्चों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण व पौधारोपण, स्वच्छ पेयजल तथा खाद्य सुरक्षा इत्यादि सहित विकास के अन्य कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने सीएसआर के तहत 6.46 करोड़ की लागत से बने 34 स्कूल भवनों का डिजीटली लोकार्पण किया जिसमें 18 राजकीय प्राथमिक पाठशालाएं व 16 राजकीय उच्च पाठशालाएं शामिल हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी बेहतरीन समन्वय के साथ कार्य करें ताकि न्यूनतम समय अवधि में विकास के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करते हुए आमजन को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी उन विकास कार्य व परियोजनाओं को पूरा करने के लिए विशेष प्रयास करें जिनका बहुत कम शेष कार्य बचा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रस्तुत कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में जीत सिंह ठाकुर अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत करवाया कि पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत जिला चंबा में कुल 65 सड़कें बनाई जा रही हैं जिनकी कुल लंबाई 327 किलोमीटर है इन सड़कों पर 551.22 करोड़ रूपये खर्च किए जा रहे हैं व इससे 76 गावों को सड़क सुविधा मिलेगी।

जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा ने बैठक में जानकारी दी कि जिला चंबा में जल शक्ति विभाग से संबंधित 490 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है जबकि 740 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर है इसके अलावा 1294 करोड़ रुपए की प्रस्तावित विकास परियोजनाएं विभिन्न स्तरों पर स्वीकृति प्रकिया के अधीन है।

बैठक में अधीक्षण अभियंता एचपीएसईबीएल ने जानकारी दी कि जिला में कुल 148551 विभिन्न प्रकार के विधुत उपभोक्ता मीटर है जिनमें से 17434 उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।