पीलीभीत में मामूली विवाद पर खूनी संघर्ष:बुजुर्ग के पेट में सरिया घोंपा, घटना CCTV में कैद
पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के दौलतपुर पट्टी गांव में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लोहे के सरिए चले, जिसमें बीच-बचाव करने आए एक बुजुर्ग के पेट में सरिया घोंप दिया गया। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित अमित कुमार के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे उनके घर के सामने रहने वाला रामऔतार गाली-गलौज कर रहा था। जब अमित ने इसका विरोध किया, तो रामऔतार अपने घर से लोहे का सरिया लेकर उस पर हमला करने दौड़ा। शोर सुनकर अमित के पिता गंगाराम बीच-बचाव करने पहुंचे।
इसी दौरान आरोपी रामऔतार ने उनके पेट में सरिया घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग आरोप है कि जब पीड़ित की दादी सोमवती और अन्य परिजन बचाने दौड़े, तो रामऔतार की पत्नी और बेटे ने लाठी-डंडों से उन पर भी हमला कर दिया।
परिजनों और ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मारपीट का यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुआ है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित अमित कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर मामले में निष्पक्ष जांच न करके एकतरफा कार्रवाई करने का गंभीर आरोप भी लगाया है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।
📡 स्रोत: NewsData.io