पीयूष गोयल का जर्मनी दौरा, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 23, नई दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 24 अक्टूबर तक जर्मनी के आधिकारिक दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भारत और जर्मनी के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और व्यापार तथा निवेश बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।
जर्मन काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस के इंडिया सेंटर के उद्घाटन के दौरान पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बढ़ते संबंधों और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से मिलने वाले अवसरों को रेखांकित किया।
बर्लिन में आयोजित बिजनेस लीडर्स राउंडटेबल में उन्होंने भारत की विकास यात्रा, जारी आर्थिक सुधारों और जर्मन कंपनियों के लिए भारत में निवेश, विनिर्माण और नवाचार की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान व्यापार बढ़ाने और मजबूत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
पीयूष गोयल ने जर्मनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। इनमें व्यापार, निवेश, उन्नत विनिर्माण, ग्रीन मोबिलिटी और स्वच्छ प्रौद्योगिकी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही, भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की वार्ताओं के तहत सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।