पीयूष गोयल कर रहे सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व

अगस्त 24, नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जापान दौरे पर हैं, वे 27 अगस्त तक वहां रहेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री टोक्यो के अलावा नागोया और ओसाका का दौरा करेंगे और भारत के अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
इस व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में 200 से अधिक व्यापार प्रतिनिधि शामिल हैं जो विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा और इस्पात से लेकर ऑटोमोटिव, वित्तीय सेवाएं, स्वास्थ्य सेवा और स्टार्टअप जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं।
पीयूष गोयल ने टोक्यो में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत सुमितोमो कॉर्पोरेशन के प्रेसिडेंट और CEO शिंगो उएनो के साथ एक बैठक से की।इस बैठक में एनर्जी ट्रांसफॉर्मेशन, मोबिलिटी और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्रों में भारत के साथ कंपनी के जुड़ाव को और गहरा करने के अवसरों पर चर्चा की गई।
इस बीच, गोयल ने भारत और जापान के कारोबारी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का घरेलू बाजार बड़ा है और वह दुनिया के लिए अपने दरवाजे खोल रहा है। उन्होंने जापानी प्रतिनिधियों को भारत में निवेश का न्यौता दिया।
उन्होंने कहा कि भारत के मुक्त व्यापार समझौतों से अंततः वैश्विक व्यापार का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा भारत के लिए खुल जाएगा और इससे देश को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भरोसेमंद भागीदार के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। फोटो- केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (फाइल फोटो)