देश

पोर्टमोर स्कूल शिमला तथा राजकीय महाविद्यालय धामी के छात्र-छात्राओं ने देखी सदन की कार्यवाही

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 22 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पोर्टमोर स्कूल शिमला तथा राजकीय महाविद्यालय धामी के छात्र-छात्राओं ने देखी सदन की कार्यवाही

अगस्त 22, शिमला (हिमाचल प्रदेश): आज विधानसभा सचिवालय में मॉनसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही देखने आए पोर्टमोर स्कूल शिमला तथा राजकीय महाविद्यालय धामी के छात्र -छात्राओं ने सदन की कार्यवाही को देखने से पहले हि.प्र. विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से कौंसिल चैम्बर की लॉबी में मुलाकात की।

इस अवसर पर छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष से आज होने वाली कार्यवाही तथा विधान सभा की भूमिका, गठन तथा स्पीकर पद के महत्व पर प्रकाश डालने का आग्रह किया जिसका विधान सभा अध्यक्ष ने सिलसिलेवार उत्तर देते हुए कहा कि विधानसभा एक राज्य का कानून बनाने वाला सदन है।

उन्होंने बताया कि जैसे हमारे स्कूल में अलग-अलग कक्षाएं होती हैं, वैसे ही राज्य में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्र होते हैं, और हर निर्वाचन क्षेत्र से एक नेता चुना जाता है, जिसे विधायक कहते हैं। ये विधायक मिलकर विधान सभा बनाते हैं। विधान सभा का मुख्य काम राज्य के लोगों के लिए कानून बनाना है।

जैसे स्कूल में नियम होते हैं, वैसे ही राज्य को चलाने के लिए कानून जरूरी होते हैं। पठानिया ने कहा कि जिस राजनीतिक दल के सबसे ज्यादा विधायक चुनाव जीतते हैं वह दल मिलकर सरकार बनाता है और सरकार का मुखिया मुख्यमंत्री कहलाता है।

विधानसभा में विधायक सरकार से लोगों की समस्याओं के बारे में सवाल पूछते हैं और सरकार को उसका जवाब देना होता है। सरकार हर साल बताती है कि वह लोगों के लिए क्या-क्या काम करेगी और उसके लिए कितना पैसा खर्च होगा जिसे बजट कहते हैं और विधान सभा इसे पास करती है।

उन्होंने कहा कि विधान सभा में एक स्पीकर होता है जो सदन की कार्यवाही को नियंत्रित करता है जैसे स्कूल में प्रिंसिपल असेम्बली को चलाते हैं। इसके अतिरिक्त जो दल सरकार नहीं बना पाते वह विपक्ष की भूमिका निभाते हैं। विपक्ष का काम सरकार के कामों पर नजर रखना और लोगों की आवाज उठाना होता है।

विधान सभा में किसी भी मुद्दे पर खूब बहस होती है जिसमें विधायक अपनी अपनी राय रखते हैं। जब कोई कानून बनाना होता है तो विधायक उस पर मतदान करते हैं। जिस तरफ ज्यादा वोट होते हैं वह कानून बन जाता है। पठानिया ने कहा कि विधान सभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

यह लोगों को अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार में भाग लेने का मौका देता है। विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्र-छात्राओं को सदन के अन्दर होने वाली कार्यवाही को देखने के लिए आमंत्रित भी किया और सभी बच्चों को अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

कैप्शन: हि.प्र. विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से कौंसिल चैम्बर की लॉबी में मुलाकात के दौरान स्कूली छात्र छात्राएं व स्टाफ

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।