राज्य

पोषण माह 2026 के सफल आयोजन को लेकर राज्य स्तरीय तैयारियों की समीक्षा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पोषण माह 2026 के सफल आयोजन को लेकर राज्य स्तरीय तैयारियों की समीक्षा

रायपुर, 2 सितंबर 2026 महिला और बाल विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ में नौवां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से आयोजित किया जाएगा। मिशन सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण टू प्वॉइंट जीरो के अंतर्गत आयोजित इस अभियान की थीम इस वर्ष ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।

वहीं, पोषण मेलों के माध्यम से मिलेट्स, मौसमी फल-सब्जियों, दालों, दुग्ध उत्पादों, मेवों और विभिन्न प्रकार के बीजों जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों की उपयोगिता बताई जाएगी।

साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले गर्म पके भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और विविधता की विशेष निगरानी की जाएगी। राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र गर्भवती और धात्री महिला को योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इस बीच, राष्ट्रीय पोषण माह के आयोजन को लेकर आज रायपुर में महिला और बाल विकास विभाग संचालनालय में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण माह के दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा, विभागीय समन्वय और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।