राज्य

पोषण माह: राजगढ़ के पोषण पुनर्वास केंद्र में माताओं को कुपोषण से बचाव की दी जानकारी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पोषण माह: राजगढ़ के पोषण पुनर्वास केंद्र में माताओं को कुपोषण से बचाव की दी जानकारी

राजगढ़। जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक पोषण माह मनाया जा रहा है। इसके तहत कुपोषित बच्चों, माताओं और किशोर-किशोरियों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में बुधवार को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें माताओं को कुपोषण के कारण, लक्षण, बच्चों के विकास पर इसके प्रभाव और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

माताओं को बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राजेश शर्मा ने बच्चों के नियमित टीकाकरण और कृमिनाशक दवा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने समय पर बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की भी अपील की।

गर्भवती माताओं को संतुलित और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई, ताकि मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहे। वहीं किशोरावस्था में संतुलित आहार के महत्व को बताते हुए हरी सब्जियां, दालें, अनाज और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन के लिए जागरूक किया गया।

अनाज से बनाई पोषण की रंगोली

कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र के स्टाफ ने विभिन्न प्रकार के अनाजों से रंगोली तैयार की। रंगोली के माध्यम से संतुलित आहार और स्वच्छता से जुड़े संदेश सरल तरीके से दिए गए।

पोषण माह के दौरान आगे भी पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और मातृ-शिशु देखभाल से संबंधित गतिविधियां आयोजित कर आमजन को जागरूक किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।