राज्य

पोषण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
पोषण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

कोटा की रामनगर बंजारा बस्ती में राष्ट्रीय पोषण माह और स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। महिलाओं को पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी देकर जागरूकता रैली निकाली गई।

कोटा, 8 अक्टूबर । सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा की ओर से महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से सुटिया तलाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, रामनगर बंजारा बस्ती में राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया गया। इस वर्ष इसकी थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई। उन्होंने कहा कि संतुलित एवं विविध आहार, उचित पूरक आहार, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता को जीवनशैली में शामिल करने से बच्चों, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है।

उन्होंने स्वच्छता अभियान 6.0 की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 2 से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कार्यालयों की सफाई के साथ लंबित कार्यों के निस्तारण, अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण और स्वच्छ कार्य वातावरण को बढ़ावा देना है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक महिमा सिगोदिया ने पोषण अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य कुपोषण को कम करना और बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार करना है। उन्होंने स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, स्तनपान और बच्चों की उचित देखभाल के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान पोषण और स्वच्छता विषय पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। महिलाओं को पोषण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद बंजारा बस्ती में जागरूकता रैली निकालकर स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।