विदेश

Prabhasakshi NewsRoom: Houthis के Missile Attacks से दहला Saudi Arabia, पलटवार में Yemen में मचाई भारी तबाही

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 14 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
Prabhasakshi NewsRoom: Houthis के Missile Attacks से दहला Saudi Arabia, पलटवार में Yemen में मचाई भारी तबाही

पश्चिम एशिया में सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। मिसाइलों और ड्रोन से हमले हो रहे हैं, तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की धमकियां दी जा रही हैं और जवाब में यमन पर सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ताबड़तोड़ बमबारी ने पूरे क्षेत्र को युद्ध की आग में झोंक दिया है।

हम आपको बता दें कि सऊदी अरब के धहरान शहर में दुनिया की प्रमुख तेल कंपनियों में शामिल सऊदी अरामको के प्रशासनिक परिसर पर मिसाइल हमले के बाद इमारत में आग लग गई। उधर, सऊदी गठबंधन ने यमन की राजधानी सना और पश्चिमी हुदैदा प्रांत में हूतियों के ठिकानों पर हमले किए। दोनों तरफ से लगातार हमलों और जवाबी कार्रवाई के बीच अब तेल ठिकाने और सामरिक रूप से अहम समुद्री मार्ग भी इस संघर्ष के केंद्र में आ गए हैं।

अरामको परिसर पर हमला, तीन मंजिलों को नुकसान सऊदी अरब के पूर्वी शहर धहरान में मंगलवार देर रात अरामको के प्रशासनिक भवन पर हमला हुआ। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, हमले के बाद इमारत में लगी आग पर तुरंत काबू पाया गया। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई और कोई घायल भी नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि अरामको के मुख्यालय परिसर पर बैलिस्टिक मिसाइल गिरी थी। सूत्र के मुताबिक, परिसर के एक कार्यालय टावर की ऊपरी तीन मंजिलों को नुकसान पहुंचा है। देखा जाये तो यह हमला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अरामको का यह परिसर कंपनी के प्रमुख परिचालन केंद्रों में शामिल है। यहां से तेल कुओं, पाइपलाइनों, रिफाइनरियों और निर्यात टर्मिनलों के विशाल नेटवर्क की गतिविधियों का संचालन और प्रबंधन जुड़ा हुआ है।

ऐसे प्रतिष्ठान पर हमला सऊदी अरब की ऊर्जा व्यवस्था और सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। हम आपको बता दें कि हूतियों ने पहले ही सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों को संभावित निशाना बताते हुए चेतावनी जारी की थी। संगठन ने तेल कर्मचारियों से उन स्थानों से दूर रहने को कहा था, जिन्हें वह हमलों के लिए वैध लक्ष्य मानता है।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सना पर सऊदी गठबंधन के हमलों के जवाब में कठोर और दर्दनाक प्रतिक्रिया की चेतावनी दी थी। अरामको का मुख्यालय और रियाद का किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी संभावित लक्ष्यों में गिनाए गए थे। रियाद में मिसाइलों की बारिश, नागरिक इलाकों तक पहुंचा मलबा उधर, सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में कई मिसाइलों और ड्रोन को रोककर नष्ट किया।

अल-अहसा गवर्नरेट के एक प्रशासनिक केंद्र की ओर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को भी इंटरसेप्ट करने की जानकारी दी गई। लेकिन मिसाइलों को हवा में नष्ट कर देना भी खतरे को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाया। सऊदी नागरिक सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, रियाद में दो हूती मिसाइलों को रोकने के बाद गिरे मलबे से चार लोग घायल हो गए।

घायलों में दो महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। मलबे के कारण राजधानी में 15 मकानों को भी सीमित नुकसान पहुंचा। इससे पहले रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमलों में 13 लोगों की मौत हो गयी थी। इन हमलों के बाद देश में उड़ानों पर भी असर पड़ा। सना और हुदैदा पर सऊदी गठबंधन की ताबड़तोड़ कार्रवाई दूसरी ओर, हूतियों के हमलों और धमकियों के बीच सऊदी अरब ने भी अपने सैन्य अभियान को तेज कर दिया है।

मंगलवार को सना और पश्चिमी हुदैदा प्रांत में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के हवाई हमलों के बाद जोरदार विस्फोटों की खबरें आईं। गठबंधन ने यमन में ईंधन भंडार, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही। उसका कहना है कि अभियान का उद्देश्य हूतियों की उन क्षमताओं को निष्प्रभावी करना है, जिनके जरिए वे सऊदी अरब, यमन और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों को खतरे में डाल रहे हैं।

उधर, हूती संचालित मीडिया ने सना के बाहरी इलाके में यमन पेट्रोलियम कंपनी के एक केंद्र पर हमले की सूचना दी। वहीं, हूतियों ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में यमन के विभिन्न इलाकों में सऊदी अरब ने 104 हवाई हमले किए और उनमें नागरिक हताहत हुए। हम आपको बता दें कि सऊदी अरब की कैबिनेट ने भी हूतियों के लगातार हमलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी थी कि उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।

इस तरह दोनों पक्षों की बयानबाजी अब वास्तविक सैन्य कार्रवाई में बदल चुकी है और हर नए हमले के साथ जवाबी कार्रवाई का दायरा बढ़ने का खतरा बना हुआ है। बाब अल-मंदेब पर नजर, तेल बाजार में उबाल इस संघर्ष का एक बड़ा मोर्चा लाल सागर से जुड़ा समुद्री क्षेत्र भी है। हूतियों ने पिछले महीने लाल सागर के तट से आगे बढ़ते हुए बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की थी।

सऊदी समर्थित सरकारी बलों के अभियान के बाद उन्हें जलडमरूमध्य के निकटवर्ती इलाके से पीछे धकेले जाने की खबरें आईं, लेकिन संगठन की मौजूदगी आसपास बनी हुई है। इसी महीने ताइज़ शहर के आसपास भी हूतियों की बढ़त की सूचना मिली। हम आपको बता दें कि बाब अल-मंदेब लाल सागर में प्रवेश का महत्वपूर्ण दक्षिणी द्वार है।

यहां अस्थिरता बढ़ने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर दबाव पड़ सकता है। दूसरी ओर, युद्ध की आशंकाओं का असर तेल बाजार में भी दिखाई दिया। कारोबारियों की चिंता इस बात को लेकर है कि यदि सऊदी तेल प्रतिष्ठानों या प्रमुख समुद्री मार्गों पर हमले बढ़े, तो आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

हालांकि रूस से डीजल की संभावित अतिरिक्त आपूर्ति इस दबाव को कुछ हद तक संतुलित कर सकती है। पुरानी जंग फिर हुई तेज हम आपको यह भी याद दिला दें कि यमन में संघर्ष 2014 के अंत में हूतियों के राजधानी सना और उत्तरी क्षेत्रों पर कब्जे के बाद तेज हुआ था। 2015 में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के समर्थन में सैन्य हस्तक्षेप किया।

अब सऊदी अरब ने हूतियों की हालिया बढ़त को पलटने के लिए अपना अभियान फिर तेज किया है। रियाद अपने सहयोगियों से समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अमेरिका ने अब तक हूतियों के खिलाफ युद्ध में सीधे शामिल होने की सऊदी मांग स्वीकार नहीं की है। देखा जाये तो इस पूरे संघर्ष की पृष्ठभूमि में ईरान की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

ईरान सऊदी अरब का पुराना क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वी है और हूतियों के साथ उसके संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सऊदी अरब और हूतियों के बीच मध्यस्थता की पेशकश की है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि सऊदी अरब और हूतियों के बीच यह मिसाइल युद्ध कहां जाकर रुकेगा।

अरामको जैसे महत्वपूर्ण तेल प्रतिष्ठान पर हमला, रियाद में नागरिकों के घायल होने की घटनाएं और यमन में लगातार हवाई हमले दिखाते हैं कि टकराव अब केवल सीमावर्ती सैन्य मोर्चे तक सीमित नहीं है। यदि दोनों पक्षों ने हमलों का दायरा बढ़ाया, तो इसकी कीमत सऊदी अरब और यमन के नागरिकों के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार को भी चुकानी पड़ सकती है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।