प्रभात साहित्य परिषद के 47वें वार्षिकोत्सव में श्वेता कुमारी को साहित्यिक सम्मान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। दुष्यंत संग्रहालय सभागार में आयोजित प्रभात साहित्य परिषद के 47वें वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह में साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए सुश्री श्वेता कुमारी को सम्मानित किया गया। समारोह में उन्हें शाल, श्रीफल, प्रतीक चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद रघुनन्दन शर्मा ने की। मध्यप्रदेश राज्य सूचना आयुक्त राजेश भट्ट समारोह के मुख्य अतिथि रहे, जबकि श्रम श्री संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनीता तिवारी ने किया।
समारोह में श्वेता कुमारी के साथ डॉ. राजेश तिवारी, हीरालाल पारस, डॉ. देवीदीन अविनाशी, हरिओम सोनी, श्रीमती कनुप्रदा श्रीवास्तव ‘विधु’, कमल सिंह ‘कमल’, अवनींद्र खरे ‘अंशुमान’, मनीष गोस्वामी और श्रीमती विरोनिका पीटर सहित अन्य साहित्यकारों को भी विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक गतिविधियों और रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी मंच मिला। इस अवसर पर शोभा जोशी ‘साक्षी’ की पुस्तक ‘साक्षी के स्वर’ का लोकार्पण किया गया। इसके बाद संजय सिंह ‘बाबूजी’, मनीष गोस्वामी और सत्येंद्र सिंह ‘सत्यज’ ने काव्यपाठ प्रस्तुत कर साहित्यिक वातावरण को समृद्ध किया।
समारोह में साहित्यकारों के सम्मान और पुस्तक लोकार्पण के साथ साहित्य के प्रति योगदान तथा रचनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने का संदेश भी सामने आया। कार्यक्रम के अंत में अशोक निर्मल ने अतिथियों, साहित्यकारों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।