प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना

रायपुर, 22 अगस्त 2026 प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। आज राजधानी रायपुर सहित कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश और उसके आसपास एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बदली बारिश की संभावना बनी रहेंगी।
मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की चेतावनी दी है। वहीं, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस बीच, बारिश से कबीरधाम जिले के पंडरिया क्षेत्र के ग्राम सरैया में एक पुराना बांध टूट गया।
इससे सैकड़ों एकड़ फसल के प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, बांध के जल स्तर कम होने के कारण आने वाले समय में किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा होने की आशंका से किसान चिंतित हैं।