खेल

प्रदेश सरकार खेलों को दे रही बढ़ावा: पठानिया

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
प्रदेश सरकार खेलों को दे रही बढ़ावा: पठानिया

अक्तूबर 16,चंबा (हिमाचल प्रदेश): चम्बा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आज हिमाचल प्रदेश स्कूल क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में अंडर-19 राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शिरकत की। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां भी दी जिसने उपस्थित जनों का मनोरंजन किया।

इस मौके पर सदर विधायक नीरज नैयर, एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर भी मौजूद थे। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों से करीब 750 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा पांच छात्रावासों के खिलाड़ी भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के तहत लड़कों के मेजर गेम्स की मेजबानी इस बार चंबा जिला को सौंपी गई है, जिससे जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के दौरान अगले चार दिनों तक हॉकी, फुटबॉल, बास्केटबॉल, रग्बी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। इन मुकाबलों में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए मैदान में उतरेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सभी खिलाड़ियों व आयोजकों को इस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है जिसका ही परिणाम है कि चम्बा ज़िला में राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ओलंपिक, एशियाई खेलों और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मैडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में बढ़ावा किया है वहीं खिलाड़ियों की डाइट मनी को भी सरकार ने बढ़ाया है।

उन्होंने इस मोके पर एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज मैडल हासिल करनी चम्बा जिला की धाविका सीमा को शुभकामनायें दी और कहा कि ये जिला चम्बा ही नहीं हिमाचल के लिए भी गर्व की बात है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।