प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की ओर अग्रसर: विक्रमादित्य सिंह
लोक निर्माण मंत्री ने शिमला ग्रामीण के डुढालटी में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की अध्यक्षता की
अगस्त 27, शिमला (हिमाचल प्रदेश): लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज जिला शिमला के टूटू विकास खंड के पंचायत घर डुढालटी में लायंस क्लब शिमला व दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और आयोजकों को इस नैतिक कार्य के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ. यशपाल रांटा व दिन दयाल उपाध्याय अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहे।
लोक निर्माण मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया जा रहा है और प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा मशीनरी व उपकरणों पर 3 हजार करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं जिससे लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। हाल ही में चमियाना अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी 30 से 50 हजार रुपए में उपलब्ध करवाई जा रही है जो निजी अस्पतालों में 5 लाख रूपये से भी अधिक राशि में उपलब्ध है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अस्पतालों में चिकित्सकों, पैरा मेडिकल चिकित्सक व तकनीशियन के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा प्रदेश सरकार गरीब व जरूरतमंद परिवारों के लिए 10 लाख रुपए तक के स्वास्थ्य बीमा योजना को भी शीघ्र लागू करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि बनूटी क्षेत्र टुटू विकास खंड का मुख्य केंद्र बन कर उभर रहा है और इस क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। प्रदेश सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से भी इस क्षेत्र की जनता को लाभान्वित किया गया है और लोगों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का कार्य प्रगति पर है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए ताकि समाज में बढ़ती बीमारियों के निराकरण के प्रति लोग जागरूक और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग हो सकें।
उन्होंने कहा कि जितने भी एन.जी.ओ आम लोगों की सेवा में कार्य कर रही है उनके साथ वर्तमान प्रदेश सरकार खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में लगभग 250 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। इस दौरान लोगों के निःशुल्क ब्लड टेस्ट भी किए गए।
दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की जिसमें आँख रोग के विशेषज्ञ, मेडिसिन के विशेषज्ञ, ऑर्थो के विशेषज्ञ, गाइनी के विशेषज्ञ, सर्जरी व स्किन रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इन रोगों से ग्रसित मरीजों की स्वास्थ्य जांच की।
लोक निर्माण मंत्री द्वारा सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। लायंस क्लब के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने लोक निर्माण मंत्री का स्वास्थ्य जांच शिविर पहुंचने पर हिमाचली टोपी, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत डुढालटी की प्रधान नीलम, उपप्रधान एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, खंड विकास अधिकारी टुटू बृजेश, लायंस क्लब शिमला के अध्यक्ष ओ.पी मेहता, उपाध्यक्ष सी.एल सांख्यान, सचिव दलीप शर्मा, खजांची प्रोफेसर के.सी शर्मा, क्षेत्र नेता मनमोहन वर्मा, जोन चेयरपर्सन गोपाल कृष्ण वैद्य, क्लब के अन्य सदस्यगण सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।