प्रदेश में सेवा सेतु अभियान शुरू, शहरी निकायों में नागरिक सेवाओं का किया गया निस्तारण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 7 अक्टूबर। प्रदेश में बुधवार से शुरू सेवा सेतु अभियान-2026 की शुरूआत हुई। अभियान के तहत प्रदेश के शहरी निकायों में नागरिक सेवाओं से जुड़े लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। अभियान 16 अक्टूबर तक आयोजित होगा। अभियान के दौरान आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ शहरों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। शहरी निकायों में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, सीवर कनेक्शन, भवन निर्माण स्वीकृति, पट्टा, नामांतरण, लीज होल्ड से फ्री होल्ड तथा यूडी टैक्स से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया गया।
इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, कुसुम योजना और पीएम सूर्य घर योजना सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को जोड़ने तथा लंबित आवेदनों के समाधान की कार्रवाई की गई। पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स के पंजीयन और ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया गया। राजधानी जयपुर के सांगानेर जोन में भी सेवा सेतु शिविर का आयोजन हुआ। अभियान के तहत साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, निर्माण स्वीकृति, पट्टा वितरण कार्य किए गए।
इसी तरह सवाई माधोपुर जिले में ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ आयोजित हुए। अभियान के तहत वार्डवार शिविर लगाकर आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय समस्याओं और लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।
फोटो: जयपुर सांगानेर जोन