खेल

प्रदेश में उत्कृष्ट सरकारी शैक्षणिक संस्थान विकसित करने पर दिया जा रहा विशेष बल: राजेश धर्माणी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
प्रदेश में उत्कृष्ट सरकारी शैक्षणिक संस्थान विकसित करने पर दिया जा रहा विशेष बल: राजेश धर्माणी

हटवाड़ स्कूल को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में किया जा रहा विकसित, व्यय होंगे 50 करोड़ रूपये

सितंबर 21, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश में सरकारी विद्यालयों को भी उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उचित अवसर एवं बेहतर वातावरण मिलने पर वे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटवाड़ में जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर के पांच जोन से कुल 237 छात्रा खिलाड़ी भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे विद्यालय विकसित करने की आवश्यकता है जो राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना के लिए विद्यार्थियों को व्यापक प्रतिस्पर्धा का अवसर देना आवश्यक है। जब विद्यार्थी बड़े क्षेत्र और अधिक संख्या में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं, तो उन्हें अपनी वास्तविक क्षमता और स्तर का आकलन करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें, एक-दूसरे से सीखें और अपने अनुभवों को जीवन में आगे बढ़ने का आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि जीत और हार प्रतियोगिता का हिस्सा हैं, लेकिन प्रतियोगिता से मिली सीख और अनुभव जीवनभर साथ रहते हैं।

उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं केवल ट्रॉफी और पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेलों से अनुशासन, एकाग्रता, निरंतर प्रयास, टीम भावना और कभी हार न मानने का जज्बा विकसित होता है, जो विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद करता है।

उन्होंने छात्राओं से अपनी प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने और स्वयं को भीड़ से अलग पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने को प्रेरित किया। धर्माणी ने खेलों में प्रतिभा चयन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर खिलाड़ियों के चयन में प्रतिभा और मेरिट को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

यदि खिलाड़ियों को उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का वातावरण मिले, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों का सशक्तिकरण समाज और देश की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब बेटियां मजबूत, आत्मनिर्भर और सक्षम बनेंगी, तभी प्रदेश और देश भी मजबूत बनेगा।

खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से हर उपलब्ध अवसर में भाग लेने का आह्वान किया। राजेश धर्माणी ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटवाड़ को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में लगभग 8.50 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं और विद्यालय परिसर के समग्र विकास पर लगभग 50 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय के लिए लगभग साढ़े 12 बीघा भूमि उपलब्ध करवाई गई है। परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंनें कहा कि पुराने भवन को गिराने के बजाय उसे सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि भवन में आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं से युक्त आधुनिक परिसर उपलब्ध करवाया जाएगा।

इससे पहले प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्रा खिलाड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया तथा राजेश धर्माणी ने इस जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की विधिवत शुभारंभ करने की घोषणा भी की। प्रतियोगिता आयोजन समिति ने तकनीकी शिक्षा मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंबेल सिंह, स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य सुभाष चंद सहित विभिन्न स्कूलों से आए अध्यापकों सहित पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर से भौतिकी में एमएससी शिक्षा हासिल करने वाली छात्रा भारती का एस्टोनिया की तार्तु युनिवर्सिटी में पीएचडी के लिए चयन होने पर पुरस्कृत किया।

उन्होंने भारती को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। भारती ने वर्ष 2019 से 2022 तक राजकीय महाविद्यालय बासा से भौतिकी में बीएससी तथा वर्ष 2022 से 2024 तक राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर से एमएससी की शिक्षा प्राप्त की है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।