देश

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से आदिवासी बाहुल्य गांवों की बदली तस्वीर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से आदिवासी बाहुल्य गांवों की बदली तस्वीर

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के आदिवासी बाहुल्य और दुर्गम गांवों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण से तस्वीर बदल रही है। सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीणों के लिए आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं तक पहुंच आसान हुई है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता अनंत दीक्षित ने बताया कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आया है। विशेष रूप से प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत जिले में 40 सड़कों का निर्माण कर 23 बसाहटों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ा गया है।

वहीं, बैच-4 के अंतर्गत जिले में 14.95 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए करीब 21 करोड़ 4 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इन सड़कों के निर्माण से अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित बैगा बसाहटों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

सड़क निर्माण से ग्रामीणों को अब आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही सरकारी योजनाओं और मूलभूत सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क संपर्क बेहतर होने से बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच और रोजमर्रा के आवागमन में काफी सहूलियत होगी।

दुर्गम और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार ग्रामीण विकास को गति देने के साथ ही इन बसाहटों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही हैं।

बाइट -

अनंत दीक्षित,कार्यपालन अभियंता, PMGSY विक्रम सिंह वाकरे, ग्रामीण

मोतीराम पोर्ते, ग्रामीण अहिबरन सिंह मरावी, ग्रामीण

सालिकराम, ग्रामीण ठाकुर प्रताप, ग्रामीण

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।