व्यापार

प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से की मुलाकात; व्यापार, ऊर्जा और रक्षा से जुड़े मुद्दों पर की चर्चा

लेखक: AIR Delhi अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 26वें वार्षिक शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन से अलग रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की। इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों व्यापार और निवेश, ऊर्जा और रक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और रूस के बीच सहयोग का नई ऊंचाइयों तक पहुंचना बहुत संतोष का विषय है। यूक्रेन संघर्ष पर श्री मोदी ने कहा कि भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता है और करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि युद्ध में बिताया गया हर दिन मानवता को पीछे धकेलता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम मानवता को नई आशा और उत्साह से भर देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें अंतहीन युद्ध से दूर होकर युद्ध के अंत की ओर बढ़ना चाहिए।

यह बैठक राष्ट्रपति पुतिन के भारत में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने से एक सप्ताह पहले हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कुछ ही दिनों में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सभी भारतीय श्री पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा कि श्री पुतिन की यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी और ब्रिक्स ढांचे के भीतर संवाद और सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करेगी। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी के सिद्धांतों के आधार पर भारत-रूस संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।

A
AIR Delhi

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।