प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल खेलो इंडिया संवाद को संबोधित करेंगे

रायपुर, 26 अगस्त 2026 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से खेलो इंडिया संवाद को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 समारोह के अंतर्गत मेरा युवा भारत – माय भारत द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देश भर में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में युवाओं की भागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।
यह खेल, युवा नेतृत्व, नागरिक जिम्मेदारी, स्वयंसेवा, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण को एक साझा मंच प्रदान करेगा। इससे युवाओं को देश की खेल संबंधी महत्वाकांक्षाओं से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि उनके विचार और दृष्टिकोण भारत के युवा और खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चल रही चर्चा का हिस्सा बनें।
कार्यक्रम के बाद युवा प्रतिभागियों, माय भारत के स्वयंसेवकों, स्थानीय खिलाड़ियों और जन प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय स्तर पर संवाद होगा। इस पहल की एक प्रमुख विशेषता खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं और अग्रणी भारतीय एथलीटों और पदक विजेताओं के बीच सीधा संवाद होगा।
कार्यक्रम का एक केंद्रीय पहलू युवा संवाद होगा, जहां युवा प्रतिभागियों को अपने विचार, दृष्टिकोण और आकांक्षाओं को व्यक्त करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यह संवाद खेल, ओलंपिक आकांक्षाएं, युवा नेतृत्व, विकसित भारत और नशा मुक्त युवा सहित पांच विषयों पर केंद्रित होगा।
खेलो इंडिया संवाद का उद्देश्य युवाओं को देश की खेल यात्रा से जोड़ना, उनकी आकांक्षाओं को साझा करना और एक सशक्त युवा-नेतृत्व वाले विकसित भारत के लिए विचार प्रस्तुत करना है। यह संवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, अनुशासित और खेल-प्रेमी राष्ट्र के निर्माण के दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है।
इस संवाद में युवाओं की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय विकास एजेंडा के केंद्र में रखा गया है।