प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और जनविश्वास को राष्ट्र निर्माण की शक्ति में बदला: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 7 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल गौरवशाली रहा है। उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और जनविश्वास को राष्ट्र निर्माण की शक्ति में बदला। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में आए बदलाव का असर आने वाली कई पीढ़ियों तक दिखाई देगा। मुख्यमंत्री बुधवार को जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड ग्राउंड में भाजपा के विकसित भारत संकल्प सभा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को इस गौरवपूर्ण अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्रसेवा के संकल्प को समर्पित रहा है। उन्होंने जनसेवा को केवल दायित्व नहीं माना, बल्कि करोड़ों देशवासियों के जीवन में बदलाव का माध्यम बनाया। उनके नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में व्यापक बदलाव देखने को मिला और सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया गया। आज प्रधानमंत्री मोदी ‘गारंटी’ के पर्याय बन चुके हैं। उनके नेतृत्व में राजस्थान भी अग्रणी प्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली से संबोधन कार्यक्रम को दिखाया गया। मुख्यमंत्री शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े और उनके संबोधन को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया और उसमें शामिल हुए।
इसके बाद मानसरोवर के सिटी पार्क में अटल काव्य स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि 7 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण दिन है। इस अवसर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2001 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वे 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। इस तरह 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद धनश्याम तिवाड़ी, विधायक, जयपुर नगर निगम महापौर व उप महापौर, पूर्व सैनिक और आमजन सहित अन्य मौजूद रहे।
इस अवसर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सेवा ज्योति यात्रा के कार्यक्रम हुए। भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉक्टर प्रेमचंद बैरवा ने शिरकत की। उप मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भरतपुर में भी सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री ने ज्योत जलाकर व झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा यातायात चौराहे से प्रारंभ होकर बिजली घर पर जाकर संपन्न हुई। इसके साथ ही अन्य जिलों में कार्यक्रम हुए।